बख्शी का तालाब।बीकेटी के टिकारी गांव मोड़ के पास मंगलवार शाम दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक सवार तीनों युवक उछलकर दस फिट दूर जा गिरे। हादसे में देवरी रुखारा निवासी कुलदीप यादव (45) की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार मामा-भांजे भी घायल हो गए।
मदेयगंज के खदरा निवासी आढ़ती शिवनंदन यादव पत्नी राजमती के दर्ज कराए गए केस की सुनवाई के लिए बीकेटी निवासी भांजे आकाश के साथ मंगलवार सुबह सीतापुर गए थे। शाम को लौटते वक्त बीकेटी में टिकारी मोड़ के पास कुलदीप यादव की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। इंस्पेक्टर बीकेटी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीनों को राम सागर मिश्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिवनंदन को ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
मौत की खबर घर पहुंची तो मचा कोहराम
पेशे से चालक कुलदीप के परिवार में पत्नी शालू और पांच साल का बेटा आयुष है। उनकी मौत की खबर जब घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ भी अस्पताल में जमा हो गई।