सरोजनीनगर। बिजनौर क्षेत्र में बुधवार शाम तेज रफ्तार डीसीएम से टकराकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को पीजीआई के ट्राॅमा-2 भेजा। वहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। डीसीएम चालक वाहन लेकर भाग निकला।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के अनुसार, मोहनलालगंज के कुसमौरा गांव निवासी अर्जुन कुमार (35) गांव में ही रहने वाले कुलदीप (37) के साथ बाइक से बिजनौर के माती गांव की तरफ से परवर-पश्चिम की ओर जा रहे थे। गढ़ी मोड़ के पास परवर-पश्चिम की तरफ से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार युवक कुछ समझ पाते इससे पहले ही डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद डीसीएम चालक बिजनौर की तरफ भाग निकला। हादसे में बाइक चालक अर्जुन कुमार का दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि कुलदीप को पैर व हाथ में गंभीर चोट आई है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।