फीरोजाबाद के रामपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए सिपाही गिरिराज किशोर और दिनेश प्रताप सिंह के परिवार के सदस्यों को सरकार ने 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
दोनों सिपाहियों की रविवार रात को मुठभेड़ में मौत हो गई थी।
जहां गिरिराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, वहीं दिनेश प्रताप की आगरा अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी।
ड्यूटी पर बदमाशों से लोहा लेने के दौरान शहीद हुए दोनों पुलिसकर्मियों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक आवास भेज दिया गया था।
सरकार ने दोनों पुलिसकर्मियों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
इसमें मुख्यमंत्री के विवेकाधीन कोष से दस-दस लाख और डीजीपी द्वारा दस-दस लाख रुपये शामिल हैं।