किसानों की आय दोगुनी करने के मिशन के तहत प्रदेश में पहली बार हो रहे ‘कृषि-कुंभ’ की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 26 से 28 अक्तूबर तक चलने वाले इस आयोजन का शुभारंभ शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को सचिवालय में तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान (आईआईएसआर) में होने वाले कृषि कुंभ में बड़ी संख्या में कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और प्रगतिशील किसान जुटेंगे, जो प्रदेश भर से आने वाले किसानों को पारंपरिक खेती में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर आय बढ़ाने के गुर बताएंगे। इसमें 14 तकनीकी सत्र होंगे।
पहले दिन उद्घाटन के बाद तीन सत्र होंगे। इसके बाद दूसरे व तीसरे दिन 11 सत्र और होंगे। इसमें 25 हजार किसान भाग लेंगे। प्रत्येक जिले से किसानों को लाने ले जाने, ठहरने और उनके भोजन का बंदोबस्त किया गया है।
कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों से जुड़ा यह पहला ऐसा आयोजन है जहां कृषि, शाकभाजी, उद्यान, पशुपालन, फूलों की खेती, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी, दुग्ध, मत्स्य सहित सभी सेक्टर के बारे में एक साथ विशेषज्ञ जानकारी देंगे। कुंभ में प्रदर्शनियां भी लगेंगी।
शाही ने बताया कि उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह व राज्यमंत्री कृष्णा राज, बिहार के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार व उत्तराखंड के कृषि मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल खास तौर से मौजूद रहेंगे।