लखनऊ। गोसाईंगंज के तरियापुर में 25 नवंबर को हुई सीतू वर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने पति व चार अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की है। गोसाईंगंज पुलिस ने यह कार्रवाई सीतू के भाई गुडंबा के दसौली निवासी रंजीत कुमार की शिकायत पर की है।
रंजीत के मुताबिक वर्ष 2017 में उन्होंने बहन की शादी तरियापुर निवासी कमलेश कुमार से की थी। आरोप है कि कुछ वर्षों से बहन से छोटी-छोटी बात पर पति कमलेश, सास ननकई, ससुर रामस्वरूप ननद लक्ष्मी व नंदोई अमित गाली-गलौज और अभद्रता करते थे। 25 नवंबर को आरोपियों ने फिर से सीतू को बुरी तरह से पीटा था। जानकारी होने पर वह बहन की ससुराल गए और मामला शांत कराकर निकल आए थे। तभी रास्ते में ससुराल से कॉल आई और बहन की मौत होने की जानकारी दी गई। आनन-फानन रंजीत वहां पहुंचे तो उन्हें सीतू घर के बाहर मृत पड़ी मिली। पूछताछ करने पर ग्रामीणों ने बताया कि प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बहन ने जान दे दी। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।