लखनऊ। होली पर लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम 28 फरवरी से नौ मार्च तक करीब 500 अतिरिक्त बसें चलाएगा। इसको लेकर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। बस अड्डों पर अधिकारियों की ड्यूटी 24 घंटे शिफ्टवार रहेगी। चालकों को प्रोत्साहन राशि भी मिलेगा। प्रबंध निदेशक की ओर से इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है।
प्रबंध निदेशक की ओर से जारी आदेश में चारबाग, कैसरबाग, आलमबाग और अवध बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाने के लिए कहा है, ताकि बस अड्डों पर 24 घंटे यात्री सुविधाओं और बसों के संचालन पर प्रभावी नजर रखी जा सके। निगम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शहर के सभी बस अड्डों से रोजाना करीब एक हजार बसों का संचालन होता है। इसे बढ़ाकर करीब डेढ़ हजार करने की तैयारी है। इस तरह करीब 500 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इनमें करीब साढ़े तीन सौ सड़कों पर चलेंगी और करीब डेढ़ सौ रिजर्व में रखी जाएंगी।
रेलवे चलाएगा 50 स्पेशल ट्रेनें
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे होली पर 50 होली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इससे लखनऊ से मुंबई, हावड़ा, दिल्ली, चंडीगढ़, पटना, देहरादून और जयपुर आना-जाना आसान होगा। ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे समय सारिणी तैयार कर रहा है। जो 50 गाड़ियां चलाई जानी हैं, उनमें 20 ट्रेनों की समय सारिणी रेलवे ने चार दिन पहले जारी दी है। शेष 30 ट्रेनों की समय सारिणी बनाई जा रही है।