अयोध्या नगर निगम चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से किन्नर गुलशन बिंदु को प्रत्याशी बनाए जाने से लोगों को रोमांचक प्रचार देखने को मिलेगा। साथी किन्नर अभी से अपने अनूठे अंदाज में विरोधियों को घेरने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। लोगों को कैसे वोट देने के लिए लुभाया जाए, इसके लटके-झटके जल्द ही शहर की गलियों में दिखेंगे।
प्रत्याशी गुलशन बिंदु कहतीं हैं कि यह चुनाव अपने अनूठे अंदाज में विकास के मुद्दे पर लड़ेंगी। जीत दर्ज कराने के लिए देशभर की किन्नर समाज की शख्सियतें प्रचार करेंगी।
जिले की राजनीति में पांच साल से आईं गुलशन बिंदु अपने अनूठे अंदाज व कार्यों को लेकर हमेशा चर्चा में रही हैं। उनकी लोकप्रियता अन्य राजनीतिक दलों के लिए हमेशा सिरदर्द रही है। 2012 के विधानसभा चुनाव में निर्दल प्रत्याशी के रूप में जब उन्होंने पहली बार भाग्य आजमाया तो देखते ही देखते लोग ऐसे जुड़ते गए कि पांच साल से लगातार विधायक रहे भगवा राजनीति के दिग्गज लल्लू सिंह को हार का सामना करना पड़ा। पहली बार सपा की साइकिल दौड़ी। गुलशन ने 22 हजार 9 सौ मत हासिल कर अपना कद भी दिखाया।