इसी ट्रॉली ट्रांसफार्मर को हटाने की हो रही मांग।
लखनऊ। अमीनाबाद उपकेंद्र के अधिकारियों की लापरवाही से श्रीराम रोड तिराहे पर सड़क जाम की समस्या बनी हुई है। व्यापारी और राहगीर दोपहर से शाम तक जाम में फंसने के लिए मजबूर हैं। यह समस्या एक ट्रॉली ट्रांसफार्मर को गलत ढंग से लगाने के कारण उत्पन्न हुई है।
करीब 15 दिन पहले कॉम्पैक्ट ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। कर्मियों ने उसे हटाकर ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाया, मगर इसे गलत तरीके से खड़ा कर दिया। इससे 10-12 दुकानों के सामने आवागमन संकरा हो गया है। ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इसे हटाने के लिए अधिशासी अभियंता से भी शिकायत की। लेकिन 10 दिन बाद भी इसे हटाया नहीं जा सका है। मोहन मार्केट से गणेशगंज और लाटूश रोड की तरफ जाने वाले राहगीरों को आधा-आधा घंटे तक जाम में फंसना पड़ता है।
इस संबंध में जूनियर इंजीनियर प्रखर सिंह ने बताया कि कॉम्पैक्ट ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए कंपनी के पास भेजा गया है। जब कंपनी इसे बनाकर वापस देगी, तभी ट्रॉली ट्रांसफार्मर हटाया जा सकेगा। जब अभियंताओं से मदद नहीं मिली, तो व्यापारियों ने उपकेंद्र के कर्मियों से संपर्क किया। कर्मियों ने सलाह दी कि कुछ खर्च करो तो ट्रॉली ट्रांसफार्मर हट जाएगा।