पटरी टूटने का सिलसिला जारी है। इस बार लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर जैतीपुर में टूटी पटरी से शुक्रवार रात से शनिवार सुबह छह बजे तक रात पुष्पक, कुशीनगर, व मरुधर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेंने गुजर गईं। सुबह छह बजे के करीब कीमैन ने पटरी टूटी देखी तो कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इसके बाद हरकत में आए रेलवे प्रशासन ने इस रूट पर आ रही ट्रेनों को तत्काल रोक दिया और पटरी की मरम्मत कराकर ट्रेनों का संचालन बहाल किया।
गर्मी बढ़ते ही रेलवे ट्रैक फ्रैक्चर के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। गत शुक्रवार को जहां चारबाग रेलवे स्टेशन यार्ड में पटरी चिटक जाने से काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस हादसे का शिकार होने से बची थी। वहीं, शनिवार को लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर जैतीपुर में पटरी चिटकने का मामला सामने आया है।
दरअसल, शनिवार सुबह करीब छह बजे कीमैन पटरी के निरीक्षण पर निकला तो डाउन लाइन पर किलोमीटर संख्या 30/22, 26 में पटरी टूटी हुई मिली। सतर्कता बरतते हुए तत्काल कीमैन ने स्टेशन प्रशासन व कंट्रोल को सूचना दी। इसी दौरान कानपुर से लखनऊ आ रही ट्रेन संख्या 12183 भोपाल प्रतापगढ़ एक्सप्रेस को तत्काल रोक दिया गया।
यह ट्रेन कानपुर से सुबह चार बजे रवाना हुई थी और टूटी हुई पटरी से गुजरने ही वाली थी। पर, सही समय पर मिली सूचना से ट्रेन को रोक दिया गया। लखनऊ से आ रही हमसफर एक्सप्रेस को अजगैन में रोक दिया गया, जबकि मेमू व पैसेंजर ट्रेनों को सोनिक स्टेशन पर खड़ा रखा गया।
पटरी टूटने से कानपुर से लखनऊ आने वाली गाड़ियों का संचालन गड़बड़ा गया। शनिवार दोपहर तक करीब सौ मीटर पटरी को सुरक्षा के लिहाज से बदल दिया गया। रेलकर्मियों के मुताबिक पटरी शुक्रवार रात में टूटी है।