लखनऊ। भारतीय रेलवे यातायात प्रबंधन सेवा (इरिटम), भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा एवं भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (लेखा) के प्रशिक्षु रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इरिटम के प्रो. कृष्णा तिवारी ने बताया कि रेलवे सेवा अधिकारियों से राष्ट्रपति ने बातचीत की। उन्होंने कहा कि देश का एक बड़ा हिस्सा प्रतिदिन रेल का इस्तेमाल करता है। रेलवे सेवा अधिकारियों के रूप में उन्हें हमारी गतिशीलता को बढ़ाने और इस तरह हमारी अर्थव्यवस्था के विकास में एक प्रमुख भूमिका निभानी है।
उन्होंने अधिकारियों को यह ध्यान में रखने की सलाह दी कि वे राष्ट्र के लिए एक बदलाव के वाहक और सेवा प्रदाता के रूप में रेलवे की समग्र प्रभावशीलता के लिए काम कर रहे हैं। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार ने राष्ट्रपति को पिछले एक दशक में रेलवे के बुनियादी ढांचे व सुविधाओं में हुए विकासकार्यों व परियोजनाओं की जानकारी दी। इरिटम के प्रशिक्षु रेलवे अफसरों डॉ दीपशा भट्टाचार्य और प्रांजल जैन ने प्रशिक्षण का विवरण दिया। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड सदस्य (वित्त) मंजुषा जैन, महानिदेशक (एचआर) अरुणा नायर, महानिदेशक आरपीएफ सोनाली मिश्र, इरिटम के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर उपस्थित रहे।