15 जुलाई को ‘विश्व युवा कौशल दिवस’ के अवसर व्यावसायिक शिक्षा विभाग आईटीआई व कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित युवकों को नौकरी का तोहफा देने जा रहा है।
इस क्रम में दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन रोजगार मेले में कंपनियां प्रशिक्षित युवकों का चयन करेंगी और दूसरे दिन उन्हें नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा।
राज्य सरकार ने व्यावसायिक शिक्षा के जरिए प्रदेश के अधिक से अधिक युवकों को रोजगार से जोड़ने के लिए इस बार विश्व युवा कौशल दिवस के आयोजन का निर्णय लिया है। व्यावसायिक शिक्षा विभाग और कौशल विकास मिशन के अफसरों ने राज्यभर में कार्यक्रम का आयोजन कर युवकों का प्लेसमेंट देने की रूपरेखा बनाई है।
ऑटो मोबाइल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी क्षेत्र की कई कंपनियों से इस संबंध में बात हो चुकी है। कुछ के साथ एमओयू भी किया जाएगा। शिक्षुता प्रशिक्षण योजना (एप्रेंटिसशिप) के अंर्तगत सर्वश्रेष्ठ कंपनी का चयन कर उसके प्रतिनिधि को समानित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए मिशन निदेशक सुरेंद्र सिंह को नोडल अफसर नामित किया गया है।
‘पहली बार बड़े पैमाने पर आयोजित हो रहे रोजगार मेले में कौशल विकास के क्षेत्र में पिछले चार वर्ष के दौरान हासिल उपलब्धियों की झलक तो दिखेगी ही, साथ ही इस मौके पर प्रदेश भर से करीब 4-5 हजार प्रशिक्षित युवकों को रोजगार दिलाने का प्रयास भी किया जाएगा।
भुवनेश कुमार, सचिव, व्यावसायिक शिक्षा ’