अयोध्या हाईवे पर सफेदाबाद के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में गुडंबा निवासी शिक्षिका की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए। कार में 10 सवारियां भरी हुई थीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
गुडंबा के कल्याणपुर निवासी प्रवीण कुमार माथुर की पत्नी पुनीता श्रीवास्तव (44) बलरामपुर के विश्रामपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। पॉलिटेक्निक से प्राइवेट टैक्सी में वह बलरामपुर के लिए निकलीं। 10 सवारियां ठूंसे जाने से कार ओवरलोड थी। सफेदाबाद के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई।
कार के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से निकालकर पुलिस को सूचना दी। घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां पुनीता की मौत हो गई।
प्रवीण ने बताया कि उनकी पत्नी हर हफ्ते शनिवार को बलरामपुर से लखनऊ आती थीं। दो दिन परिवार के साथ रहकर सोमवार को वापस ड्यूटी पर जाती थीं। सोमवार तड़के प्रवीण ने ही उन्हें कार में बिठाया था।
सुबह 9:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। पुनीता कार में आगे बैठी थीं। हादसे में चालक सनी, पीछे बैठीं सीता और तीन अन्य को भी गंभीर चोट आई हैं। अन्य सवारियां मामूली रूप से घायल हुईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुनीता के दो बेटे प्रियांशु और अभ्यांश हैं। प्रवीण इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाते हैं।