लखनऊ। ट्रैफिक पुलिस के दरोगा पर सुशांत गोल्फ सिटी के अहिमामऊ चौराहे पर डग्गामार वाहनों से वसूली का आरोपलगा है। वसूली को लेकर दो लोगों के बीच बातचीत के दो ऑडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए। ऑडियो वायरल होने के बाद डीसीपी ट्रैफिक ने एसीपी ट्रैफिक राधा रमण को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को वायरल हुए एक ऑडियो की अवधि 1.05 मिनट और दूसरे की 2.37 मिनट है। ऑडियो में बातचीत के दौरान अहिमामऊ की ट्रैफिक पुलिस चौकी पर तैनात एक दरोगा को रुपये दिए जाने की बात कही जा रही है। बातचीत में आरोप लगाया जा रहा है कि डग्गामार वाहनों से दो से ढाई हजार रुपये वसूले जाते हैं। ऑडियो में एक गाड़ी मालिक चौकी पर रुपये देने की बात कह रहा है। वहीं, दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति मामले को मैनेज करने की बात कहता सुनाई दे रहा है।