दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर लौट रही श्रद्घालुओं से भरी ट्रॉली बृहस्पतिवार देर शाम अनियंत्रित होकर महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के दहलवा पहाड़ी नाले के कुंड में पलट गई। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय गोताखोर व प्रशासन के लोग शवों की तलाश में जुटा हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में करीब 22 लोग बैठे हुए थे। अभी कुछ और लोग कुंड में दबे हो सकते है।
जहदरिया, हिम्मतपुरवा, सुखदेवपुरवा, साखीरेत व तुरकौलिया आदि गांवों के श्रद्घालु जहदरिया गांव में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने राप्ती नदी स्थित बेलाघाट आये थे।
ट्राली में बैठकर वापस लौटते समय दहलवा पहाड़ी नाले के डिप पर ट्रैक्टर अचानक ऊपर चढ़ते वक्त बंद हो गया। बंद होने के कारण टैक्टर पीछे लुढ़ककर नाले के पुल से कुंड में गिर गया। ट्राली में बैठे करीब 20 लोग पानी में गिर गये। दो-चार वयस्क किसी तरह जान बचाकर पानी से बाहर निकले।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय खोताखोरों की मदद से सुखदेवपुरवा निवासी वीपत की 10 वर्षीय बेटी पूजा व आठ वर्षीय बेटे सोनू, शिव कुमार पाठक के 13 वर्षीय बेटे चंदन कुमार पाठक, मुन्नालाल की 9 वर्षीय बेटी सलोनी एवं चंदनजोत साखीरेत निवासी महादेव के 11 वर्षीय बेटे अनिल उर्फ निब्बर, पटोहाकोट सुखदेवपुरवा निवासी नहान के दो बेटों 11 वर्षीय लवकुश व आठ वर्षीय दशरथ उर्फ मझले, पटोहाकोट सुखदेवपुरवा निवासी मुन्नालाल के 10 वर्षीय बेटे चंद्रप्रकाश, तुरकौलिया निवासी जयजय राम विश्वकर्मा की 12 वर्षीय बेटे सुखेन्द्र, बुडन्तापुर पठानपुरवा निवासी गिराधारी के 25 वर्षीय बेटे पप्पू तथा हिम्मतपुरवा निवासी शेषराम के 18 वर्षीय बेटे मंशाराम का शव शुक्रवार दोपहर तक बरामद कर लिया था।