बसंतपुर गांव में पलटे ट्रैक्टर को सीधा करते ग्रामीण।
माल। माल के बसंतपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। उसके नीचे दबने से शिवा (18) की मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसका शव लेकर गांव चले गए।
माल थाने में तैनात दरोगा नज्मे हसन ने बताया कि शिवा मूल रूप से हरदोई लोनार के गंगौली गांव का रहने वाला था। बसंतपुर गांव में उसकी ननिहाल है। बृहस्पतिवार को वह नाना रामकुमार सिंह के साथ खेत जोतने के लिए ट्रैक्टर से जा रहा था। सड़क से खेत में जाते समय अचानक ट्रैक्टर पलट गया और शिवा उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की हादसे में मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। शिवा के पिता अवधेश सिंह ने पोस्टमार्टम न कराने की मांग की। इस पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को घरवालों के हवाले कर दिया गया। शिवा के परिवार में मां व बहन तन्नू हैं। नाना रामकुमार ने बताया कि जोताई-बोआई के समय खेती में हाथ बंटाने के लिए शिवा अक्सर आ जाता था।