पयर्टन विभाग ने अगले वर्ष प्रयाग में लगने वाले कुंभ-2019 के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके मद्देनजर पर्यटक हेलीकॉप्टर से गंगा, संगम और कुंभ के विहंगम दृश्यों का नजारा ले सकेंगे।
‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को ध्यान में रखते हुए यहां पर्यटकों को सभी प्रदेशों की लोक कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। कुंभ-2019 की तैयारियों में मद्देनजर प्रयाग में हेलीपैड का निर्माण कराया रहा है।
निजी कंपनियों के हेलीकॉप्टर से श्रद्धालु और पर्यटक सामान्य किराए में कुंभ का हवाई सफर करेंगे। साथ ही इलाहाबाद किले की दीवार और प्रमुख स्थलों पर लेजर शो दिखाने के लिए विभाग थीम तैयार कर रहा है।
यहां आने वाले विदेशी मेहमानों को कुंभ का भ्रमण कराने, धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व समझाने के लिए टूरिस्ट वॉक का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने गाइडों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित करने की योजना बनाई है।