बेसिक शिक्षा विभाग में 69 हजार सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो गई है। शुक्रवार को इस चयन प्रक्रिया के अवशेष 6,696 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिल गया। लोकभवन में आयोजित नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते 52 महीनों में हुईं सवा चार लाख सरकारी पदों पर नियुक्तियों को शुचिता, ईमानदारी, पारदर्शिता और मेरिट का मानक बताया। सीएम ने कहा कि 2017 से पहले इसी प्रदेश में जब भी कहीं भर्ती निकलती थी तो कुछ गैंग ऐसे थे जो वसूली के लिए निकल पड़ते थे। कुछ खानदान और कुछ परिवार ऐसे थे, जिनके लिए भर्तियों में वसूली, आजीविका का जरिया हो गया था।
पढ़ें विस्तृत खबर
गोरखपुर: सीएम योगी ने रखी सैनिक स्कूल की आधारशिला, 50 एकड़ भूमि पर होगा निर्माण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार दोपहर गोरखपुर वासियों को बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने खाद कारखाना परिसर में 50 एकड़ में प्रस्तावित सैनिक स्कूल का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस स्कूल की मदद से प्रदेश में शिक्षा, राष्ट्र भक्ति और अनुशासन की ज्योति जलती रहेगी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा भी मौजूद रहें। गोरखपुर खाद कारखाना परिसर में बनने वाला सैनिक स्कूल, प्रदेश का पांचवां सैनिक स्कूल होगा। 'युवाओं को शिक्षा, देश की रक्षा' के ध्येय से शुरू हो रहे इस शैक्षिक प्रकल्प में कक्षा 6 से 12 तक बालक- बालिकाओं को आवासीय व्यवस्था के तहत शिक्षा प्रदान की जाएगी। छात्र छात्राओं के लिए अलग-अलग कैंपस होगा। गोरखपुर के सैनिक स्कूल का प्रशासनिक भवन प्राचीन भारतीय संस्कृति व परंपरा का दर्शन कराने वाला होगा। स्कूल की सभी इमारतें भी देशभक्ति का भाव जगाएंगी।
पढ़ें विस्तृत खबर
अयोध्या : बसपा महासचिव व राज्यसभा सदस्य ने अयोध्या में विचार संगोष्ठी कर किया चुनाव का शंखनाद
भाजपा ने अयोध्या के लिए कुछ नहीं किया, वह आज भी श्रीराम के नाम को राजनीति में इस्तेमाल कर रही है। उनकी मंशा है कि जब वह चाहेंगे, उस तरह इस नाम का इस्तेमाल करेंगे। अयोध्या व श्रीराम भाजपा की ठेकेदारी नहीं है, यहां दर्शन पूजन करने के लिए हमें उनके परमिशन की जरूरत नहीं है। आज हम अयोध्या में श्रीराम, बजरंगबली की पूजा व मां सरयू का आचमन करके आपके बीच आए हैं और समाज के प्रबुद्घ लोगों के बीच जन जागरण की शुरूआत कर रहे हैं। यह बात बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्र ने कही। वह शुक्रवार को देवकाली बाईपास स्थित एक रिसार्ट में बसपा के प्रबुद्ध वर्ग विचार संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
पढ़ें विस्तृत खबर
जिला अदालतों के लिए नई गाइड लाइन जारी, न्यूनतम संख्या में ही प्रवेश की अनुमति देने का निर्देश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जिला न्यायालयों में कार्य को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। कहा है कि न्याय कक्ष में न्यूनतम संख्या में वादकारी व अधिवक्ता उपस्थित होंगे। सभी जिला अदालतों को निर्देश दिया है कि कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उक्त गाइडलाइन के अनुसार ही न्यायालय का कार्य संपादित किया जाए।
पढ़ें विस्तृत खबर
शाहजहांपुर में बड़ा सड़क हादसा, बेकाबू कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, पांच लोगों की मौत
शाहजहांपुर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर थाना इलाके के कोला पुल के पास हुई। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक अनियंत्रित टीयूवी कार ने मोपेड और बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक और मोपेड पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पढ़ें विस्तृत खबर