इस बार सभी यात्रियों को हज पर जाने का मौका मिल सकता है। प्रदेश भर से इस बार बीते साल के हज कोटे की सीटों से भी कम आवेदन आए हैं। जबकि, हज आवेदन की अंतिम तिथि 7 दिसंबर को खत्म हो रही है। अंतिम तिथि नहीं बढ़ी तो बगैर कुर्रा (लॉटरी) के सभी हज आवेदकों का सीधे चयन हो जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन बढ़ाने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने इस बार राज्य हज कमेटियों को आवेदन फॉर्म की बुकलेट जारी नहीं की है। हालांकि, ऑफलाइन आवेदन जमा करने की छूट देकर वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in से हज आवेदन फॉर्म का प्रारूप डाउनलोड कर भरने के साथ ही प्रारूप की फोटो कॉपी भी मान्य है।
हज कमेटी ने एंडरॉयड मोबाइल एप पर भी फॉर्म भरने की सुविधा देकर हज आवेदन करने के लिए 15 नवंबर से 7 दिसंबर तक की तिथि तय कर है। इसके बावजूद, हज आवेदन की रफ्तार सुस्त है। वैसे, राज्य हज कमेटी के कार्यपालक हज अधिकारी आरिफ रऊफ के मुताबिक बीते दो दिन में जरूर आवेदन जमा होने में तेजी आई है।