लखनऊ। चिनहट के कल्याणी विहार में रहने वाले टाइल्स कारीगर रितेश सिंह (22) की मंगलवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव हरदासी खेड़ा गांव के पास खाली मैदान में मिला।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई है। विसरा सुरक्षित रखा गया है। परिजनों ने रितेश के दोस्त प्रियांशु पर शक जताते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रितेश के पिता दयाशंकर सिंह ने बताया कि कल्याणी विहार कमता में वह पत्नी सुमन, बेटी रोशनी के साथ रहते हैं और ई रिक्शा चलाते हैं। मंगलवार को उनका बेटा काम से घर लौटा था। शाम को उसके दोस्त प्रियांशु ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया। रितेश मां से 200 रुपये लेकर बाइक से निकला था। देर शाम 7:30 बजे मां ने फोन किया तो उसने बताया कि वह निशातगंज में है। थोड़ी देर में घर आएगा। रात 9:30 बजे तक रितेश घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसे दोबारा कॉल की, लेकिन फोन बंद मिला।
देर रात में पुलिस ने दयाशंकर को फोन कर बताया कि एक युवक हरदासी खेड़ा में मरणासन्न मिला था, जिसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो रितेश मृत मिला। रितेश के सिर और गर्दन से खून बह रहा था।
मौके पर मिली बाइक और शराब की बोतल
पुलिस को घटनास्थल से रितेश की बाइक मिली। पास में ही शराब की बोतल पड़ी थी। माना जा रहा है कि शराब पार्टी के दाैरान रितेश का दोस्तों से विवाद हुआ और उसकी हत्या कर दी गई। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। दो संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। उनसे पूछताछ जारी है। प्रियांशु की तलाश की जा रही है।
दो वर्ष पहले चोरी के मामले में गया था जेल
छानबीन में सामने आया है कि वाहन चोरी के मामले में रितेश दो वर्ष पहले जेल भी गया था। वह दो माह जेल में रहने के बाद जमानत पर छूटकर आया था। रितेश पर चिनहट थाने में कुछ केस दर्ज हैं। दिवाली पर भी रितेश की कुछ लोगों से लड़ाई हुई थी। माना जा रहा है कि रंजिश में रितेश को शराब पिलाने के बाद चाकू से गला रेता गया है। रितेश इकलौता बेटा था। रितेश की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का कहना है कि साजिश के तहत रितेश को घर से बुलाकर उसकी हत्या की गई है।
रितेश सिंह की फाइल फोटो।
रितेश सिंह की फाइल फोटो।
रितेश सिंह की फाइल फोटो।
रितेश सिंह की फाइल फोटो।