सीटों की बुकिंग शुरू, वेटिंग के यात्रियों को मिल रही राहत
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिन अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी, उनमें सीटों की बुकिंग शुरू हो गई है। इससे वेटिंग के यात्रियों को खासी राहत हो गई है। गोमतीनगर से दरभंगा की अमृत भारत ट्रेन में 603 व मालदाटाउन के लिए स्लीपर की 563 सीटें रिक्त हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के पीआरओ महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मालदा टाउन से गोमतीनगर के लिए 13435 अमृत भारत एक्सप्रेस 24 जुलाई से नियमित रूप से चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक बृहस्पतिवार शाम 7:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3:40 बजे गोमतीनगर स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन में 24 जुलाई को स्लीपर क्लास में 493 सीटें खाली हैं, जिनका किराया 540 रुपये है। वापसी में 25 जुलाई से गाड़ी संख्या 13436 अमृत भारत एक्सप्रेस गोमतीनगर से प्रत्येक शुक्रवार शाम 6:40 बजे चलकर मालदा टाउन शाम 4:40 बजे पहुंचेगी। ट्रेन में स्लीपर और जनरल की 22 बोगियां होंगी। इस ट्रेन में 563 सीटें रिक्त हैं। ट्रेन न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुलतानगंज, जमालपुर, अभयपुर, कुईल, शेखपुर, नवादा, तिलैया, गया, देहरी आन सोन, सासाराम, भबुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, जौनपुर, शाहगंज, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट स्टेशनों पर रुकेगी।
603 सीटें खाली, यात्रियों को राहत
गाड़ी संख्या 15561 दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस 26 जुलाई से नियमित रूप से चलेगी। ट्रेन प्रत्येक शनिवार को दोपहर तीन बजे दरभंगा से चलकर अगली सुबह 5:35 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। इसमें 545 सीटें खाली हैं, जिन पर बुकिंग हो रही है। वापसी में 27 जुलाई से ट्रेन नंबर 15562 अमृत भारत एक्सप्रेस गोमतीनगर से प्रत्येक रविवार सुबह 8:15 बजे चलकर रात 12:35 बजे दरभंगा पहुंचेगी। ट्रेन में 603 सीटें खाली हैं। यात्रियों को बिहार जाने में दिक्कतें नहीं होंगी। ट्रेन अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, हरीनगर, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, घोरासन, बैरंगिया, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशनों पर रुकेगी।