राजधानी लखनऊ में सरोजनीनगर के सत्यलोक कॉलोनी निवासी आकाश श्रीवास्तव ने दंपती समेत तीन लोगों पर कारें बेचने के नाम पर 36 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। पीजीआई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
आकाश के मुताबिक दो साल पहले उनकी मुलाकात कानपुर के चकेरी निवासी सौरभ शर्मा से हुई थी। सौरभ पीजीआई के वृंदावन सेक्टर 12 स्थित अरावली एन्क्लेव में रहता था। सौरभ ने आकाश से उसकी तीन कारें बेचने की बात कही थी।
रकम लेने के बाद भी कार नहीं बेची
झांसे में आने पर आकाश की मां सुमन, जीजा दिनेश और दोस्त अमित ने कार खरीदने की इच्छा जाहिर की। तीनों कारों का सौदा 36.85 लाख में तय हुआ था। आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए पीड़ितों को कार की फोटो और कूटरचित पेपर भी दिखाए। आकाश का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद भी आरोपी ने कार नहीं बेची।
आरोपी के पिता ने गाली-गलौज किया
दबाव बनाने पर आरोपी की पत्नी ममता आकाश को अश्लीलता के आरोप में फंसाने की धमकी देने लगी। पीड़ित जब सौरभ के फ्लैट पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। कानपुर पहुंचने पर आरोपी के पिता ने गाली-गलौज किया। इंस्पेक्टर पीजीआई के मुताबिक मामले की तफ्तीश चल रही है।