उत्तर प्रदेश के बांदा के अतर्रा में तीन हमउम्र युवाओं ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। तीनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। इसमें एक स्नातक और एक इंटर का छात्र तो तीसरा मजदूर पेशा युवक बताया जा रहा है। पुलिस सामूहिक आत्महत्या मान रही है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
अतर्रा नगर के वार्ड-10 (भवानीगंज) में शामिल दन्ना पाठक पुरवा निवासी रामबरन उर्फ पप्पू (18) पुत्र शिवनारायण, ज्ञान प्रकाश उर्फ ज्ञानी (19) पुत्र लक्ष्मी प्रसाद और पिंटू (20) पुत्र छोटेलाल बुधवार को सुबह करीब आठ बजे अपने-अपने घरों से निकलकर लोहिया पुल केन कैनाल के पास आकर बैठ गए।
कुछ देर बाद यहां से कुछ दूर चलकर बांदा-मानिकपुर रेलवे लाइन पर तीनों एक साथ लेट गए। इसी बीच वहां से गुजरे बाबा यादव नामक वृद्ध ने उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।
दिल्ली से मानिकपुर जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के हार्न बजाने के बाद भी तीनों रेल लाइन से नहीं हटे, जिससे ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई। तीन युवकों के एक साथ कटने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।