सीतापुर के मिश्रिख के लोकनापुर गांव स्थित संबर तालाब में मिट्टी निकालने गईं तीन मासूम बच्चियों की शुक्रवार शाम डूबने से मौत हो गई। एक की मौके पर ही जबकि दो ने सीचसी मिश्रिख में दम तोड़ा। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। खबर पाकर पुलिस व प्रशासनिक टीम भी पहुंच गई थीं।
मिश्रिख के लोकनापुर गांव निवासी काजल (9) पुत्री प्रकाश, सोनम (8) पुत्री दयाराम व पारूल (12) पुत्री रामशंकर गांव के पश्चिम स्थित संबर तालाब में मिट्टी निकालने गई थीं। बताते हैं कि तीनों बालिकाएं मिट्टी निकालने के चक्कर में गहरे पानी में चली गईं। तालाब में संतुलन बिगड़ने से तीनों डूबने लगी।
बच्चियों का शोर सुनकर कुछ दूर सड़क से गुजर रहे लोगों ने आननफानन उन्हें बाहर निकाला लेकिन तब तक काजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों बालिकाओं को सीएचसी मिश्रिख ले जाया गया।
मिश्रिख सीएचसी में चिकित्सकों ने सोनम व पारूल को भी मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे की खबर मिलते ही तालाब पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।