यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले में तीन चरणों में मूल्यांकन कार्य किया जाएगा। विषयों के अनुसार चरण बनाए गए हैं ताकि सभी शिक्षक एक साथ मूल्यांकन केंद्र पर एकत्रित ना हो सके।
विज्ञापन
विभाग ने मूल्यांकन केंद्रों को सैनिटाइज कराने की व्यवस्था भी शुरू कर दी है। उधर, शिक्षकों के संगठनों ने मूल्यांकन का बहिष्कार कर दिया है। विभाग ने 5 मई से जिले के चार केंद्रों पर कॉपियों के मूल्यांकन कार्य की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सभी चारों केंद्रों पर तीन चरणों में कॉपियां जांची जाएंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि लॉकडाउन की स्थिति को देखते हुए मूल्यांकन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
विज्ञापन
इसी को ध्यान में रखते हुए तीनों चरण में अलग-अलग विषयों की कॉपियां जांची जाएंगी ताकि एक मूल्यांकन केंद्र पर सभी परीक्षक एक साथ एकत्रित ना हो सके।
एक कक्षा में अधिकतम 11 शिक्षक ही रहेंगे मौजूद
उन्होंने बताया कि मूल्यांकन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज, राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज, राजकीय जुबली इंटर कॉलेज, अमीनाबाद इंटर कॉलेज में साफ-सफाई और सैनिटाइज करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि तीनों चरणों में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कॉपियां जांची जाएंगी। कॉपी जांचने से पहले सभी परीक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी और बाद में उनको सैनिटाइज किया जाएगा। एक क्लास में अधिकतम 11 शिक्षक ही मौजूद रहेंगे।
जारी किया टाइम टेबल
जारी टाइम टेबल के अनुसार कॉपियां 5 मई से 13 मई, 14 मई से 21 मई और 22 मई से कार्य समाप्ति तक तीन चरणों में कॉपी जांची जाएंगी। अमीनाबाद इंटर कॉलेज में पहले चरण में हाई स्कूल की हिंदी, पंजाबी, बंगाली कश्मीरी और सिंधी।
दूसरे चरण में अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत, अरबी, कृषि, सिलाई और तीसरे चरण में गणित, चित्रकला, कंप्यूटर की कॉपी जांची जाएगी। राजकीय जुबली इंटर कॉलेज में प्रथम चरण में हाई स्कूल की विज्ञान व इंटर की अंग्रेजी, हिंदी, सामान्य हिंदी और बाकी दोनों चरण में शेष हाई स्कूल व इंटर की कॉपी जांची जाएगी।
राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज में प्रथम चरण में इंटर की रसायन विज्ञान, समाजशास्त्र, व्यापारिक संगठन, मनोविज्ञान, गणित एवं सांख्यिकी, दूसरे चरण में भौतिक विज्ञान, बहीखाता, गृह विज्ञान और तीसरे चरण में बाकी बची हुई कॉपी हाई स्कूल सहित जांची जाएगी।
इसी तरह राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज ने भी टाइम टेबल बनाकर स्कूलों को प्रेषित करवा दिया है। डीआईओएस ने बताया कि जिस दिन जो कॉपियां जांची जाएंगी उस दिन मूल्यांकन केंद्र पर केवल उन्हीं विषयों के शिक्षक उपस्थित रहेंगे
मूल्यांकन को लेकर शिक्षकों का विरोध जारी है। विभिन्न शिक्षक संगठनों का कहना है कि लॉकडाउन में कई इलाके सील हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में इन इलाकों से किसी का आना-जाना इतना आसान नहीं है।
सवारी वाहन चल नहीं रहे। दूरदराज के शिक्षक मूल्यांकन केंद्र पर नहीं पहुंच पाएंगे। उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ राय ने बताया कि उनका संगठन मूल्यांकन का विरोध करता है।
वित्त विहीन शिक्षकों के संगठन ने भी मूल्यांकन का विरोध किया है। संगठन का कहना है कि उन्हें किसी प्रकार की सुविधा या आर्थिक सहायता प्रदान नहीं की जा रही है और संक्रमण के खतरे में शिक्षकों को जबरन बुलाकर मूल्यांकन कराया जा रहा है।
उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रदेशीय मंत्री डॉ. आरपी मिश्र ने बताया कि सभी शिक्षक बहिष्कार पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि वीडियो कॉन्फेंस से सभी शिक्षकों की बैठक की गई।
सभी शिक्षकों ने एक मत से मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया है। उन्होंने बताया कि राजधानी रेड जोन में है। खतरा बड़ा है। जबरन शिक्षक केंद्र पर जाकर मूल्यांकन नहीं करेंगे। घर पर कॉपी जांचने के लिए तैयार हैं।