लखनऊ। राजधानी में बिना पंजीकरण व मानकविहीन चल रहे अस्पतालों पर मंगलवार को सीएमओ की टीम ने शिकंजा कसा है। नर्सिंग होम के नोडल ने टीम के साथ कई अस्पतालों में छापा मारा। इसमें तीन अस्पताल बिना पंजीकरण संचालित होते मिले। टीम ने अस्पताल संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बाकी अस्पतालों में एमबीबीएस के बजाय दूसरी विधा के डॉक्टर इलाज करते मिले। टीम ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर कई माह के बाद उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एपी सिंह व डॉ. संदीप के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को दस निजी अस्पतालों पर छापा मारा। इसमें तीन अस्पताल अवैध तरीके से संचालित मिले। वहां मरीज भी भर्ती थे। जीवन ज्योति, मां वैष्णव और इंपल्स अस्पताल का पंजीकरण तक नहीं मिला। टीम ने अस्पताल संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद टीम ने समीर, बॉम्बे, सरकार, निदान, एसआरएस, हर्बल और न्यू लखनऊ सिटी का औचक निरीक्षण किया। डॉ. एपी सिंह ने बताया कि अस्पताल में एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। दूसरी विधा के डॉक्टर व स्टॉफ के जरिये मरीजों का इलाज किया जा रहा था। टीम ने सभी अस्पतालों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अहम बात यह है कि अस्पतालों में बॉयो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट का उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा था। नर्सिंग होम के नोडल डॉ. एपी सिंह ने बताया अस्पतालों के जरिये संतोषजनक जवाब न आने पर उनका लाइसेंस निरस्त करके आगे की कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने मारा छापा।
स्वास्थ्य विभाग ने मारा छापा।