लखनऊ। बख्शी का तालाब भैंसामऊ दिव्या सिटी निवासी शटरिंग ठेकेदार अजय प्रताप सिंह ने पुलिस को सोमवार रात सूचना दी कि एसयूवी सवार तीन लोग उनके ढाई लाख रुपये लूट ले गए। छानबीन में लूट की सूचना झूठी मिलने पर पुलिस ने अजय के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की है।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर के अनुसार, रात को अजय अपनी कार से आउटर रिंग रोड पर जा रहे थे, तभी एक एसयूवी से उनकी टक्कर हो गई। दोनों पक्षों में हुई कहासुनी के बाद एसयूवी सवार चले गए। इसके तुरंत बाद अजय ने पुलिस को ढाई लाख रुपये लूटने की सूचना दी। पुलिस ने छानबीन में एसयूवी का नंबर पता कर कानपुर निवासी कारोबारी महेश कुमार से संपर्क किया। महेश ने बताया कि वे चालक के साथ आश्रम जा रहे थे और चकौली के पास अजय से उनकी गाड़ी चलाने को लेकर कहासुनी हुई थी। जांच में लूट की सूचना गलत पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी अजय प्रताप सिंह को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अजय मूल रूप से गोंडा के परसपुर चरसडी राजापुर गांव का रहने वाला है।