लखनऊ। लाई-चना बेचने वाले सीतापुर के लहरपुर निवासी लालाराम वर्मा (50) की हत्या के मामले में उनकी पत्नी भाना की तहरीर पर विकासनगर पुलिस ने हत्या का रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की तीन टीमें हत्या के दोनों आरोपियों की तलाश कर रही हैं। दोनों संदिग्ध घटना के दौरान सीसीटीवी में कैद हुए थे।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि लालाराम वर्मा की सोमवार रात 3:20 बजे सोते समय दो लोगों ने ईंट मारकर हत्या कर दी थी। मंगलवार सुबह 8:22 बजे घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर पर चोट लगना बताई गई है।
एसीपी गाजीपुर के मुताबिक घटनास्थल की जांच के दौरान सीसीटीवी में दो लोग खुर्रमनगर चौराहे की ओर से आते दिखे। पुलिस टीम ने घटना को अंजाम देने वाले हत्यारों को पकड़ने के लिए उनका संभावित रूट चार्ट बनाया है। पुलिस की एक टीम खुर्रमनगर चौराहा से आने वाले रूट की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। वहीं दूसरी टीम घटनास्थल के बाद हत्यारों के फरार होने के सभी संभावित रास्तों के फुटेज खंगाल रही है। तकरीबन 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा चुके हैं। इसमें कई जगह आरोपी पैदल जाते हुए दिखे हैं। रात होने के कारण ज्यादातर फुटेज में चेहरे धुंधले नजर आ रहे हैं।
एसीपी गाजीपुर ने लूट के इरादे से हत्या किए जाने से इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच का केंद्र पुरानी रंजिश, लेनदेन और आशनाई है।