लखनऊ। कोहरे के चलते पिछले दो हफ्तों से देरी झेल रही शताब्दी एक्सप्रेस बुधवार को निरस्त कर दी गई। वहीं, 28 ट्रेनें भारी देरी से चलीं। दिल्ली रूट की चार उड़ानें कैंसिल रहीं और करीब 15 विमान लेट हुए। ट्रेनों के इंतजार में यात्री रेलवे स्टेशनों पर गठरी बने दिखे। प्रतीक्षालय, लाउंज और रिटायरिंग रूम फुल रहे।
गाड़ी संख्या 12004 शताब्दी एक्सप्रेस नई दिल्ली–लखनऊ जंक्शन बुधवार सुबह निरस्त रही। मंगलवार को यह ट्रेन 3:30 बजे की जगह रात 10:32 बजे दिल्ली रवाना हुई और बुधवार सुबह 11 बजे पहुंची, इसी वजह से इसे रद्द करना पड़ा। तेजस एक्सप्रेस साप्ताहिक बंदी के कारण मंगलवार को नहीं चली। बुधवार को एक ट्रेन समय पर रवाना हुई, लेकिन कानपुर के बाद लेट हो गई। गोरखधाम एक्सप्रेस (12556) 9:30 घंटे और कैफियात एक्सप्रेस (12226) 8:30 घंटे देरी से चली। हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल (13006) और बाघ एक्सप्रेस (13020) बुधवार को निरस्त रहीं।
उड़ानें भी ठप
कोहरे के कारण दिल्ली रूट की चार उड़ानें निरस्त रहीं। दिल्ली से आने वाली एअर इंडिया की एआई-2499 और एआई-1720 और लखनऊ से दिल्ली जाने वाली एआई-2500 और एआई-1821 कैंसिल की गईं। वहीं, दम्माम जाने वाली एआई एक्सप्रेस एक्सवाई-897 सवा आठ घंटे, दिल्ली से लखनऊ आने वाली 6ई-2172 एक घंटा, रियाद जाने वाली एक्सवाई-334 सात घंटे, मुंबई जाने वाली एआई-2492 दो घंटे और गोवा जाने वाली इंडिगो फ्लाइट आधा घंटा लेट रही।
स्टेशनों पर गठरी बने यात्री
चारबाग और लखनऊ जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री ठंड में गठरी बनने को मजबूर रहे। प्रतीक्षालयों में जगह नहीं मिली। सरकुलेटिंग एरिया में अलाव न होने से कुलियों को दिक्कतें हुईं। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी के अनुसार यात्रियों के लिए जल्द स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा।
बसों की टाइमिंग भी बिगड़ी
कोहरे के चलते बुधवार को 65 बसें देरी से पहुंचीं। दिल्ली व पश्चिमी यूपी रूट की बसों की टाइमिंग बिगड़ गई। प्रयागराज, वाराणसी, लखीमपुर, बहराइच आदि रूट पर बसें रेंगती रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
स्टेशन पर बैठे यात्री।
स्टेशन पर बैठे यात्री।
स्टेशन पर बैठे यात्री।
स्टेशन पर बैठे यात्री।
स्टेशन पर बैठे यात्री।
स्टेशन पर बैठे यात्री।
स्टेशन पर बैठे यात्री।
स्टेशन पर बैठे यात्री।
स्टेशन पर बैठे यात्री।