अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात पिकअप और टूरिस्ट बस में भिड़ंत हो गई। इसमें पिकअप सवार महिला, उसके बेटे और देवरानी की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि पति, देवर और एक अन्य बेटे समेत परिवार के ही पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को हैदरगढ़ सीएचसी पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सभी को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। टूरिस्ट बस में दक्षिण भारत के लोग सवार थे, जो हादसे के बाद दूसरे वाहन से गंतव्य को रवाना हो गए।
बाराबंकी जिले की हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला ब्रम्हनान निवासी कृष्णकुमार बुधवार को परिवार के साथ अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गांव सेमरौता अपने पैतृक निवास पर परिवार के साथ मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। बुधवार रात सभी हैदरगढ़ वापस जा रहे थे।
कृष्णकुमार पिकअप चला रहा था। उसकी पत्नी ममता (30), बेटा सत्यम (4), सक्षम (7) भतीजा अंशू (6), आयु (4) और छोटे भाई किशन चंद्र की पत्नी रीता आगे बैठी थी। जबकि किशन चंद्र पीछे बैठा था। इसी दौरान लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर इन्हौंना के पास सामने से आ रही टूरिस्ट बस से पिकअप की भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने के बाद पिकअप सड़क पर पलट गई, और सभी सवार उसमें दब गए।
...लेकिन तब तक हो चुकी थी काफी देर
इन्हौंना चौकी पुलिस ने सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक ममता, रीता और सत्यम की मौत हो चुकी थी। वहीं कृष्ण कुमार, उसका भाई, एक अन्य बेटा और दोनों भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया। सभी की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा रेफर दिया।
थानेदार दिनेश यादव ने बताया कि बस में दक्षिण भारत के लोग सवार थे। ये लोग नैमिषारण्य से दर्शन करके बनारस जा रहे थे। हादसे के बाद बस में सवार टूरिस्ट दूसरे वाहन से मंजिल को रवाना हो गए।
एक झटके में बिखर गया कृष्ण कुमार का परिवार
मूल रूप से सेमरौता का रहने वाला कृष्ण कुमार कई साल पहले परिवार के साथ हैदरगढ़ चला गया था। वहीं पर छोटे भाई के साथ मिलकर किराना की दुकान करता था। इस हादसे में उसका पूरा परिवार बिखर गया।
घटना में पत्नी, बेटे और भाई की पत्नी की जान चली गई। वहीं कृष्ण कुमार और उसके भाई समेत घर के अन्य बच्चे जिंदगी मौत से जूझ रहे हैं। घायलों की देखभाल करने के लिए भी घर का कोई सदस्य नहीं बचा है। सूचना मिली तो गांव से नाते-रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे।