प्रदेश सरकार अगले लोकसभा चुनाव में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह और कांग्रेस सांसद अनु टंडन की राह को मुश्किल करने के लिए नए तहसील गठन का दांव चलने की तैयारी में है।
आरपीएन सिंह के लोकसभा क्षेत्र में दो तो अनु टंडन के क्षेत्र में एक तहसील बनाने का प्रस्ताव है। आरपीएन कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इस क्षेत्र में खड्डा व कप्तानगंज को तहसील बनाने की मांग लंबे अरसे से होती रही है।
पिछले कई चुनावों में तहसील मुद्दा बनती रही है। आरपीएन सिंह से लेकर खड्डा से कांग्रेस विधायक विजय दूबे, हाटा से सपा विधायक राधेश्याम सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि यह मुद्दा उठाते रहे हैं।
पिछले दिनों सिंचाई व राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने रामकोला के किसान मेला में कप्तानगंज व खड्डा को तहसील बनाने की घोषणा की थी।
अब यह प्रस्ताव शासन में पहुंच गया है। इसी तरह उन्नाव में बांगरमऊ को तहसील बनाने का प्रस्ताव भी पहुंचा है। उन्नाव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की अनु टंडन सांसद हैं।
पिछले नवंबर में राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सपा नेताओं की मांग पर बांगरमऊ को तहसील बनाने का ऐलान किया था।
अब उन्नाव जिला प्रशासन ने शफीपुर तहसील क्षेत्र से बांगरमऊ को अलग कर नई तहसील बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इन दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों में पिछले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था।
सत्ताधारी दल सपा के लोग चाहते हैं कि इस बार चुनाव के पहले दोनों ही क्षेत्रों में राजस्व मंत्री की घोषणाएं अमल में आ जाएं ताकि उन्हें इसका फायदा मिल सके।
शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिले व मंडलों से प्रस्ताव आ गए हैं। अब राजस्व परिषद इस संबंध में विचार कर शासन को अपनी सिफारिशें भेजेगा। उसी के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
अब तक 11 तहसीलें
अखिलेश यादव सरकार अपने 22 महीने के कार्यकाल में अब तक 11 नई तहसीलों का गठन कर चुकी है। अब तीन और तहसीलों के गठन को लेकर लिखा-पढ़ी शुरू हो चुकी है।