प्राग नारायण रोड स्थित राजकीय बाल गृह (शिशु) की दत्तक ग्रहण इकाई में लगे हीटर की वजह से तीन महीने की एक बच्ची जल गई है। यहां के प्रभारी और स्टाफ ने घटना को तीन दिन तक छिपाए रखा।
सूत्रों के अनुसार एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन्स जज पल्लवी अग्रवाल की विजिट में यह घटना उनके सामने आई। उन्होंने यहां के प्रभारी व स्टाफ को कड़ी फटकार लगाते हुए बच्ची का इलाज कराने का निर्देश दिया है।
बच्ची का विभागीय डॉक्टर से ही इलाज कराया जा रहा है। यह घटना पांच जनवरी रात की बताई जा रही है। यहां नवजात और छोटे बच्चों के सोने की जगह को गर्म रखने के लिए हीटर लगाया जाता है।
एक महिला स्टाफ की लापरवाही की वजह से जिस जगह यह तीन महीने की बच्ची सुलाई गई थी, पास ही में स्टूल पर हीटर लगा रखा था। किसी वजह से वह हीटर बच्ची पर गिर गया।
बच्ची की चीख सुनकर स्टाफ सदस्य ने आकर हीटर हटाया। इस घटना को संस्थान के प्रभारी हरीश श्रीवास्तव ने छिपाए रखा और बच्ची को अस्पताल ले जाने के बजाय स्टाफ के जरिए एंटी सेप्टिक क्रीम लगाते रहे।