प्रॉपर्टी की कीमतें जहां आसमान छू रही है वहीं यूपी के लोगों के लिए अखिलेश सरकार ने कम कीमतों में लाखों नए मकान बनाने की घोषणा की है।
विधानसभा में आवास विभाग का बजट पेश करते हुए मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी आवास योजना के तहत निम्न व मध्यम वर्ग के लोगों के लिए तीन लाख मकान बनाए जाएंगे। इनकी कीमत चार से 15 लाख रुपये होगी।
पंचायतों के नक्शा पास करने पर रोक लगाई जाएगी। अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा में गुरुवार को आवास विभाग का 19 अरब 68 करोड़ 9 लाख 24 हजार रुपये का बजट पारित कर दिया गया।
बजट पेश करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी के लिए आवास की नीति पर चल रही है। शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। लखनऊ के गोमती नगर में जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र की स्थापना के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।