तुलसीपुर (श्रावस्ती)। हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में बदला गिरंट मार्ग पर ग्राम सुजानडीह के निकट बुधवार दो बाइक आपस में टकरा गईं। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी मल्हीपुर लाया गया।
बहराइच के थाना रुपईडीहा अंतर्गत ग्राम बख्शी निवासी चेलेराम बुधवार बाइक से बदला चौराहा जा रहा था। इस दौरान बाइक पर उसके साथ गांव का ही छैलू भी मौजूद था। बदला गिरंट मार्ग पर सुजानडीह के निकट मिर्जापुर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे हरदत्त नगर गिरंट निवासी सुरेश कुमार की बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। जहां पर घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं क्षतिग्रस्त बाइकों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।