लखनऊ। आंधी-बारिश के चलते विमानों का संचालन भी प्रभावित हुआ। पुणे व मुंबई से वाराणसी जाने वाली तथा कोलकाता से पटना जाने वाली उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। इससे यात्रियों को दिक्कतें हुईं। मौसम सामान्य होने पर विमानों को रवाना किया गया।
पुणे से वाराणसी जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 186 बुधवार दोपहर खराब मौसम के चलते लखनऊ डायवर्ट कर दी गई। विमान दोपहर 3:55 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। इसी क्रम में अकासा एयर की फ्लाइट संख्या क्यूपी 1428 मुंबई से वाराणसी जा रही थी, लेकिन इस विमान को भी लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। विमान शाम 5:38 बजे पहुंचा, जबकि कोलकाता से पटना जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 895 को लखनऊ डायवर्ट किया गया, जो शाम 7:56 बजे लैंड हुई।