कोहरे और धुंध से जनजीवन प्रभावित है। कोहरे का असर सड़क, रेल और हवाई मार्ग पर भी पड़ रहा है। कोहरे के चलते तीन उड़ानों को रविवार को कैंसिल करना पड़ा। वहीं दर्जनभर से अधिक फ्लाइटें लेटलतीफी की शिकार हुईं। इससे पैसेंजरों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। वहीं ट्रेनें भी देरी से गंतव्य तक पहुंची।
उत्तर भारत में कोहरे के चलते लखनऊ सहित अन्य एयरपोर्टों से विमानों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। अमौसी एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार रात में कई जगह कोहरा घना होने की वजह से उड़ानें रवाना नहीं हो सकीं। इसका असर अन्य हवाई अड्डों पर भी पड़ा। लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली इंडिगो की एक उड़ान निरस्त हो गए। यात्रियों ने बताया कि उन्होंने 17 हजार रुपये का टिकट बुक कराया, रात में उड़ान निरस्त होने के संदेश के साथ 15 हजार रुपये ही खाते में वापस आए। जिसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई।
ऐसे ही लखनऊ से बंगलुरु की इंडिगो की उड़ान 6ई 857 और इंडिगो की ही 6ई 6354 भी निरस्त रहीं। इनके अतिरिक्त लखनऊ से मुम्बई की एयर इंडिया एक्सप्रेस की आईएक्स 1785 भी देरी की शिकार हुई। आगरा से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 7932, दिल्ली से लखनऊ के बीच चलने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस 784 और इंडिगो की 6ई 7422 भी लेट पहुंची।
हालांकि, यह लेटलतीफी पिछले दिनों की तुलना में कम रही। दूसरी ओर चारबाग रेलवे स्टेशन से दिल्ली के बीच चलने वाली वीआईपी ट्रेनें रविवार को मामूली देरी की शिकार हुईं। जबकि हावड़ा से जम्मू व पंजाब के लिए वाया लखनऊ चलने वाली ट्रेनें एक से ढाई घंटे लेट गंतव्य तक पहुंची।