पुलिस को बुधवार देर रात तीन बड़ी सफलता मिली। ताबड़तोड़ तीन मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच गोलियों की तड़तड़ाहट से जिला गूंज उठा। लखनऊ के अहिमामऊ इलाके से कार चालक को बंधक बनाकर भागे 25 हजार के इनामी विजय रावत बदमाश को बाराबंकी पुलिस ने रात करीब 11:00 बजे मुठभेड़ में दबोच लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी पर पहले से लूट और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जिला अमेठी निवासी उमाशंकर यादव लखनऊ के गोल्फ सिटी इलाके में बुकिंग पर कार चलाते हैं। बुधवार को बदमाश ने अहिमामऊ से उन्हें बंधक बना लिया और बाराबंकी आ गया। उमाशंकर को लखनऊ-अयोध्या हाईवे के मोहम्मदपुर चौकी क्षेत्र में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश को देवा रोड से जहांगीराबाद जाने वाले मार्ग पर सूत मिल के पास शहर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे घेर लिया।बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र का निवासी विजय रावत है। वह शातिर अपराधी है और हाल ही में बाराबंकी में एक दंपति से लूटपाट में भी शामिल था।
दूसरी मुठभेड़: फहीम को लगी गोली
उधर, रात करीब 12:00 बजे जिले में दूसरी मुठभेड़ बड्डूपुर थाना क्षेत्र में बाबा कुटी के पास हुई। पुलिस और बदमाश की मुठभेड़ में धधरा गांव निवासी फाहीम नामक बदमाश के पैर में गोली जा लगी। बड्डूपुर के थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि फहीम पर लूट व मारपीट के आठ मुकदमे दर्ज हैं।
तीसरी मुठभेड़: शातिर अजय को पकड़ा
जैदपुर थाना क्षेत्र में देर रात मुठभेड़ में पुलिस ने अजय नामक शातिर बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार अजय बड़ोसराय थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव का निवासी है। और गैंगस्टर समेत लूट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। रात करीब 12:15 बजे पुलिस उसे जैदपुर क्षेत्र से लेकर जिला अस्पताल के लिए निकली।