- गर्मी से जान जाने की आशंका, चिनहट, आलमबाग और पारा में हुई घटनाएं
- मृतकों में नगर निगम का संविदा वाहन चालक और विद्यालय का कर्मचारी भी
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। चिनहट, आलमबाग और पारा में नगर निगम में संविदा कर्मचारी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों घटनाओं में परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। संबंधित थानों के इंस्पेक्टर ने गर्मी से मौत की आशंका जताई है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक इंदिरानगर के अमराई गांव निवासी राहुल नायक (36) नगर निगम में संविदा पर चालक थे। भाई गौरव ने बताया कि रविवार की सुबह ड्यूटी पर गए थे। चिनहट के मटियारी के पास अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। राहगीरों ने उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। राहुल के परिवार में पत्नी आरती व दो बेटियां रिया और प्रज्ञा हैं।
आलमबाग में गढ़ी कनौरा के रहने वाली अंजली (25) के पति राहुल गौतम ने बताया कि उनकी पत्नी की रविवार को दोपहर में खाना खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ी। दवा के बाद तबीयत स्थिर हो गई। रात में फिर तबीयत खराब हुई तो अंजली को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर आलमबाग सुभाष सरोज ने बताया कि अंजली के परिवार में दो बच्चे हैं।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर के मुताबिक, गोंडा के बलरामपुर पिपरा गांव निवासी सैयद अली (75) काकोरी के कन्या इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वह स्कूल में ही सोते थे। रविवार सुबह वह परिसर में जमीन पर मृत पड़े मिले। देर रात की बारिश से सैयद अली का शव भीगा हुआ था। आशंका है कि अत्यधिक गर्मी के चलते उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी सैयद अली के परिजनों को दी गई है।