सीतापुर। मोबाइल एप की मदद से आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले तीन युवकों को स्वाॅट टीम ने गिरफ्तार किया है। इन युवकों के पास से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस टीम ने इन युवकों के बैंक में जमा ढाई लाख रुपये को भी फ्रीज करवा दिया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के नवीन फल व गल्ला मंडी के पास स्वाॅट टीम को आईपीएल में सट्टेबाजी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर स्वाॅट टीम प्रभारी सतेंद्र विक्रम सिंह ने गल्ला मंडी में छापा मारा। इस दौरान तीन युवक मोबाइल एप की मदद से ऑनलाइन सट्टेबाजी करते मिले। स्वाॅट प्रभारी सतेंद्र विक्रम सिंह ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें शहर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
स्वाॅट प्रभारी के मुताबिक तीनों आरोपी मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा खेलते हैं। इनके पास से 20 हजार रुपये व तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके अतिरिक्त आरोपियों के बैंक खातों में जमा ढाई लाख रुपये को भी फ्रीज कर दिया गया है।
पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि मोबाइल पर एप के माध्यम से आईडी पासवर्ड बनाकर आईपीएल में सट्टा लगाकर हार-जीत की बाजी लगाई जाती है। क्षेत्राधिकारी नगर अमन सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान महोली कोतवाली के सोनारन टोला निवासी हर्षित गुप्ता, बड़ागांव रोड निवासी मानसिंह और शुक्लान टोला निवासी अजीत बाजपेई के रूप में हुई है। शहर कोतवाली में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया है। ये तीनों सट्टा लगवाकर हजारों के वारे-न्यारे करते थे।