लखनऊ। गोमती नगर में जेल से छूटे प्रकाश सिंह ने नाबालिग छात्रा के घर में घुसकर बवाल किया था। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता की मां को पीटा और धमकाया था कि केस वापस ले लो नहीं तो बेटी को उठवा ले जाऊंगा। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गोमतीनगर निवासी नाबालिग एक निजी स्कूल की छात्रा है। छात्रा के पिता ने बताया कि शोहदे प्रकाश सिंह से उनका पूरा परिवार परेशान है। उनकी बेटी ट्यूशन पढ़ती है। शोहदा अक्तूबर से उनकी बेटी को परेशान कर रहा है। बेटी के आपबीती बताने के बाद उन्होंने पुलिस में कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे प्रकाश सिंह का दुस्साहस बढ़ गया। इस पर परिवार ने शोहदे को समझाया तो वह धमकाने लगा। डरी सहमी बेटी ने परिवार की सुरक्षा के लिए नवंबर में ट्यूशन जाना छोड़ दिया। इससे चिढ़ा शोहदा मौका पाकर 26 दिसंबर की रात को छात्रा के घर में घुस गया और उसके परिवार के साथ बदसुलूकी की। विरोध करने पर छात्रा से हाथापाई भी की। दूसरे दिन जब यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। गोमतीनगर के तत्कालीन इंस्पेक्टर धीरज कुमार सिंह ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रकाश सिंह को जेल भेज दिया था।
छात्रा के पिता के मुताबिक, कुछ दिन पहले आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया है। 27 फरवरी को नशे में धुत प्रकाश सिंह उनके घर पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। इस दौरान घर पर उनकी पत्नी व बेटी अकेली थी। विरोध करने पर आरोपी प्रकाश ने उनकी पत्नी से मारपीट भी की। परेशान छात्रा के पिता ने बृहस्पतिवार को गोमती नगर थाने में उसके खिलाफ दोबारा तहरीर दी है। आरोप है कि प्रकाश धमकी दे रहा है कि केस वापस लो नहीं तो तुम्हें जान से मार दूंगा और तुम्हारी बेटी को उठा ले जाऊंगा। एसीपी गोतमीनगर श्वेता श्रीवास्तव के मुताबिक इस मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। देर रात को आरोपी प्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ धमकी व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं पुलिस ने भी अपनी तरफ से अराजकता फैलाने का मुकदमा दर्ज किया। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।