लखनऊ। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन का 101वां दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन सोमवार को चारबाग स्थित उत्तर रेलवे स्टेडियम में शुरू होगा। कार्यक्रम में देशभर से हजारों रेलकर्मी व यूनियन प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (नरमू) का 77वां अधिवेशन भी होगा।
रविवार को फेडरेशन के केंद्रीय महामंत्री शिवगोपाल मिश्र ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि रेलवे में बड़ी संख्या में खाली पदों को भरने की मांग उठाई जाएगी। इतना ही नहीं, रेलवे में बढ़ रहे निजीकरण और आउटसोर्सिंग को रोकने, लोको पायलटों, रनिंग स्टाफ व अन्य संवर्ग के कर्मचारियों के मानक से अधिक समय तक काम करने का मुद्दा भी उठाया जाएगा। महिला कर्मचारियों की समस्याओं से जुड़े प्रस्तावों पर महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी चर्चा करेंगी। अधिवेशन में 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की संस्तुतियों का लाभ समय से रेलकर्मियों व पेंशनरों को देने पर भी बातचीत होगी।
उन्होंने बताया कि रेलवे में लंबे समय से गैर-राजपत्रित कर्मचारियों का कैडर पुनर्गठन रुका हुआ है। इससे संरक्षा, रनिंग, ट्रैक मेंटेनरों, पाइंट्समैन, टेक्नीशियन व सुपरवाइजरों आदि श्रेणियों के कर्मचारियों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। अधिवेशन में इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग उठेगी। यूनियन के मंडल मंत्री आरके पांडे, मंडल अध्यक्ष विभूति मिश्र, एसयू शाह भी उपस्थित रहेंगे।