लखनऊ। बिजली महकमे के आदेश के बाद बुधवार को प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड कराने वाले उपभोक्ता वर्टिकल के चारों दफ्तरों पर उमड़ पड़े। इनकी संख्या करीब पांच हजार बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कलेक्शन इकाई के एक्सईएन ने आवेदकों को आश्वासन दिया कि 10 से 15 दिन में प्रीपेड मीटर पोस्टपेड हो जाएंगे।
ठाकुरगंज स्थित नर्सिंग होम के मो. अम्मार ने हुसैनगंज पहुंचकर एक्सईएन से मुलाकात की और कनेक्शन को पोस्टपेड करने का अनुरोध किया। पुरनिया कार्यालय में रिजवान, नीता श्रीवास्तव, सतीश कुमार, अनिल कुमार, ज्योति आदि ने प्रार्थना रिसीव कराकर मीटर को पोस्टपेड करने की मांग उठाई। एक शीर्ष अफसर ने बताया कि उपभोक्ताओं को दफ्तर आने की जरूरत नहीं। प्रीपेड मीटर स्वत: पोस्टपेड हो जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन सिस्टम में बदलाव की तैयारी चल रही है।
अब नए कनेक्शन पोस्टपेड
नए आवेदकों को अब पोस्टपेड मीटर से ही कनेक्शन दिए जाएंगे। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई सर्कुलर जारी नहीं किया गया, मगर कलेक्शन इकाई ने जिम्मेदारों को निर्देश दिए हैं कि नए कनेक्शन के मीटर को पोस्टपेड मोड पर लगाया जाए।