लखनऊ। सिक्योरिटी एजेंसी के दफ्तर, घरों से लाइसेंसी पिस्तौल, नकदी व लाखों के जेवर चुराने के सात आरोपियों को विभूतिखंड और गाजीपुर थाने की पुलिस ने पकड़ा है। इनमें चार बाल अपचारी हैं। इनसे पिस्तौल, 12 कारतूस, लाखों के जेवर, नकदी और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। इंस्पेक्टर गाजीपुर विकास राय के मुताबिक गोसाईंगंज के कोरियानी गांव के संदीप वर्मा इंदिरानगर के सेक्टर डी में सर्विलांस डिटेक्टिव एजेंसी चलाते हैं। चोरों ने इनके दफ्तर से शुक्रवार रात पिस्तौल व 12 कारतूस चुरा लिए। 12 अगस्त को गाजीपुर थानाक्षेत्र के जगजीवन राम के मकान से लाखों के जेवर, नकदी साफ कर दी। सोमवार को पॉलिटेक्निक चौराहे पर मौजूद पुलिस को एक बाइक पर चार किशोर आते दिखे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया। इन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
नशा, शौक पूरे करने के लिए करते थे वारदात
इंस्पेक्टर विभूतिखंड सुनील कुमार सिंह के मुताबिक 12 अगस्त को विक्रांत खंड निवासी शिवानी वर्मा ने घर से लाखों के जेवर और कीमती सामान चोरी होने का केस दर्ज कराया था। सोमवार को सर्विलांस के जरिये तीन आरोपियों इंदिरानगर के दीनदयाल कॉलोनी के सतीश कश्यप, यूसुफ अंसारी व नदीम को पकड़ा गया। आरोपियों ने बताया कि वे नशे व शौक पूरे करने के लिए चोरी करते थे।