लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में मंगलवार से शुरू हो रहीं विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं में 30 कंप्यूटर स्क्रीन से संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी। केंद्रों पर वीडियो और ऑडियो दोनों मोड में रिकॉर्डिंग होगी। इसे लविवि के परीक्षा विभाग स्थित कंट्रोल रूम में देखा जा सकेगा। इसके जरिये किसी भी तरह संदेह होने पर कंट्रोल रूम से ही कक्ष निरीक्षकों और केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया जा सकेगा।
पहली पाली में परीक्षा के लिए सुबह 7:30 बजे से विवि में प्रवेश शुरू हो जाएगा। परीक्षा 8:30 बजे से शुरू होगी। तीन पालियों में होने वाली परीक्षा को लेकर कुलानुशासक कार्यालय की ओर गाइडलाइन जारी की गई है। परीक्षा अवधि में परिसर में किसी भी अपरिचित व्यक्ति और वाहन के प्रवेश की मनाही होगी। शिक्षकों और विद्यार्थियों को गेट संख्या 1, 3 और 7 से प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को बिना प्रवेशपत्र के कक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी।
प्राॅक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी की ओर से जारी पत्र में सख्त तौर पर निर्देशित किया गया है कि परीक्षा में किसी भी तरह के इलेक्ट्राॅनिक उपकरण या पाठ्य सामग्री लाने पर प्रतिबंध होगा। किसी तरह की अवांक्षित सामग्री मिलने पर छात्र के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों और शिक्षकों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने होंगे। किसी तरह की समस्या आने पर परीक्षा नियंत्रक और कुलानुशासक कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
उड़ाका दल के लिए 10 से अधिक टीमें
लविवि में शुचितापूर्ण परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए प्राॅक्टोरियल बोर्ड के नेतृत्व में 10 से अधिक उड़ाका दलों की टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें विभिन्न केंद्रों पर औचक निरीक्षण के माध्यम से नकलविहीन परीक्षा कराने में सहयोग करेंगी। सभी टीमें अलग केंद्रों के लिए सुबह से ही रवाना हो जाएंगी।
भाषा विवि में 1737 ने दी परीक्षा
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में सोमवार से शुरू हुई विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के पहले दिन 1737 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। 40 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। कुलपति प्रो. एनबी सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा नियंत्रक भावना मिश्रा, प्राॅक्टर डॉ. नीरज शुक्ला व अन्य शिक्षक मौजूद रहे।