लखनऊ। राजधानी के राजकीय कॉलेजों में यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा की तैयारियां हो चुकी हैं। निजी कॉलेजों से भी जिला विद्यालय निरीक्षक ने रिपोर्ट मांगी है। इस बार परीक्षकों को सभी परीक्षार्थियों के अंक यूपी बोर्ड के एप पर केंद्र से ही अपलोड करने हैं। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया गया है।
कई परीक्षक इसे लेकर आपत्ति जता रहे हैं। उनका कहना है कि एप पर तुरंत अंक फीड करने में समस्या आएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं इस बार सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी। इसकी ऑनलाइन निगरानी भी बोर्ड की ओर से की जाएगी। जिन निजी कॉलेजों में लापरवाही बरती जाएगी, उन पर कार्रवाई की जाएगी। राजकीय कॉलेजों में परीक्षा के दौरान कोई समस्या न आए, इसके लिए प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी तय की गई है। राजधानी में प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 फरवरी को समाप्त होंगी। कुल 175 कॉलेजों में परीक्षा होगी।