पांचवें चरण की 14 सीटों में से कांग्रेस ने 11 पर प्रत्याशी उतारे हैं। इनमें कौशांबी सुरक्षित सीट से प्रत्याशी गिरीशचंद्र पासी के अलावा शेष 10 उम्मीदवार या तो सांसद हैं या पूर्व सांसद या फिर उन्हें विरासत में राजनीति मिली है।
पांचवें चरण में शामिल सीतापुर से बसपा की पूर्व सांसद कैसर जहां और फतेहपुर से सपा के पूर्व सांसद राकेश सचान को मौका दिया गया है। रायबरेली, अमेठी और बहराइच से सिटिंग सांसद के अलावा धौरहरा से पूर्व सांसद जितिन प्रसाद, मोहनलालगंज से पूर्व सांसद रामशंकर भार्गव, बांदा से पूर्व सांसद बाल कुंवर पटेल और फैजबाद से पूर्व सांसद निर्मल खत्री को उतारा गया है। बाराबंकी सुरक्षित सीट से पूर्व सांसद पीएल पुनिया के पुत्र तनुज पुनिया पर दांव लगाया है।
इस तरह देखा जाए तो कांग्रेस के 56 प्रत्याशियों में से छह सांसद और 30 पूर्व सांसद हैं। तनुज पुनिया के अलावा विरासत परंपरा में महराजगंज से पूर्व सांसद स्व. हर्षवर्धन सिंह की बेटी सुप्रिया श्रीनेत और मिश्रिख से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामलाल राही की पुत्रवधू मंजरी राही को टिकट दिया गया है।
अलबत्ता कांग्रेस के काडर श्रेणी में शामिल परवेज खान संतकबीरनगर से और युवा पंकज मोहन सोनकर लालगंज सुरक्षित सीट से जरूर टिकट पाने में सफल रहे हैं।