चार दुकानों पर चोरों का धावा, नकदी व जेवर उठा ले गए
सरोजनीनगर। सरोजनीनगर इलाके में बीती रात चोरों ने चार दुकानों पर धावा बोला और नकदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस केस दर्ज कर चोरों की तलाश में लगी है।
अमौसी रेलवे स्टेशन रोड पर हनुमान पुरी गली नंबर -6 के पास रहने वाले विनय राजपूत की सड़क किनारे सिद्धि विनायक नाम से इलेक्ट्रिकल सामान की दुकान है। वह दुकान के पीछे बने मकान में परिवार सहित रहते हैं। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मां विमला टहलने निकलीं तो दुकान का शटर टूटा मिला। जानकारी पर विनय दुकान पहुंचे तो पता चला कि चोर 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए हैं।
कृष्णानगर के सिंधु नगर निवासी सरदार करमजीत सिंह की गिंदनखेड़ा के पास अंग्रेजी शराब की दुकान से चोर 70 हजार रुपये और ढाई लाख की शराब चोरी कर ले गए। चोर वहां से सीसीटीवी कैमरे साथ ले गए थे। अनौरा गांव के अनुज यादव की परचून दुकान और कैफे से चोर 25 हजार की नकदी और एलईडी टीवी सहित लगभग 70 हजार का सामान उठा ले गए।