लखनऊ। चोरों ने जानकीपुरम, विभूतिखंड और गोमतीनगर में तीन मकानों से लाखों के जेवर और नकदी चुरा ली। पीड़ितों ने संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकीपुरम के श्रीराम नगर निवासी अंजूलता पांच जून को गांव गई थीं। इस दौरान घर से लाखों के जेवर और सात हजार रुपये चोरी हुए। उन्हें दस जून को पड़ोसी रवि ने चोरी की जानकारी दी। विभूतिखंड के विक्रांतखंड में दस जून को मकान से दो लाख रुपये और आभूषण चुराए गए। चालक सआदतगंज के लकड़मंडी निवासी ख्वाब अख्तर ने बताया कि मालिक को वह हवाई अड्डे छोड़कर घर लौटे तो उन्हें मेन गेट और सभी कमरों के ताले टूटे मिले। गोमतीनगर के विराटखंड निवासी श्वेता यादव के घर से 11 जून को दो मोबाइल और 40 हजार रुपये चोरी हुए। संबंधित थाना प्रभारियों का कहना है कि चोरों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।