दुबग्गा। दुबग्गा में वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने सिपाही को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही की जांघ की हड्डी टूट गई।
दुबग्गा थाने में तैनात सिपाही भानू प्रताप द्विवेदी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे वह सीतापुर बाईपास चौराहे पर अन्य पुलिसकर्मियों के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ऑटो-रिक्शा को रुकने का संकेत दिया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से आगे बढ़ा दिया और उनसे टकरा गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया ऑटो को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चालक की तलाश की जा रही है।