लखनऊ। गोसाईंगंज में सुशांत गोल्फ सिटी के ओमेक्स रेसीडेंसी में सात अक्तूबर की रात एलडीए के अभियंता के घर में चोरी का खुलासा कर पुलिस ने नौकर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के 21 लाख 90 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।
सुशांत गोल्फ सिटी थाने के इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह के मुताबिक, ओमेक्स रेजीडेंसी निवासी चमन सिंह त्यागी लखनऊ विकास प्राधिकरण में अभियंता हैं। उनका परिवार नोएडा में रहता है। जबकि चमन यहां अपने नौकर रिंकू (34) निवासी मीठनपुर, थाना गन्नौर, मुरादाबाद के साथ रहते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे चमन की नींद खुली तो उनकी अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने उठकर देखा तो अलमारी से 22 लाख रुपये की नकदी गायब थी और नौकर रिंकू भी घर में नहीं था। चमन ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में सूचना दी।
चमन की तहरीर पर रिंकू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एचसीएल चौकी प्रभारी फिरोज आलम सिद्दीकी को विवेचना सौंपी गई। फिरोज ने सर्विलांस टीम की मदद से मुरादाबाद के संभल इलाके में दबिश दी मगर रिंकू नहीं मिला। इसी बीच शनिवार दोपहर शहीद पथ पर बेस्ट प्राइस के पास से रिंकू को दबोच लिया गया। उसके पास से चोरी के 22 लाख रुपये में से 21 लाख 90 हजार रुपये बरामद हो गए हैं। एडीसीपी पूर्णेंदु सिंह ने मामले का खुलासा करने वाले उपनिरीक्षक फिरोज आलम सिद्दीकी, आरक्षी जागेश यादव व सर्विलांस टीम के सिपाही मंजीत व रविंद्र की सराहना की।