मखमली आवाज में डॉ. हरिओम की गायिकी उनके लेखन को और भी ज्यादा निखारती है। सिकंदर हूं मगर हारा हुआ हूं... ने उन्हें शिखर पर पहुंचाया। उनकी लिखी गजलों का एल्बम रोशनी के पंख और रंग का दरिया आ चुके हैं। देश-विदेश में वे सैकड़ों मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। साहित्यिक अवदान केलिए उन्हें फिराक सम्मान, राजभाषा पुरस्कार, तुलसी श्री सम्मान, उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, अंतरराष्ट्रीय वातायन पुरस्कार (लंदन) और कुवैत हिंदी-उर्दू सोसायटी की ओर से साहित्यश्री समेत बहुत से पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के निदेशक, विशेष सचिव भाषा और संस्कृत संस्थान के निदेशक के पद पर आसीन आईएएस पवन कुमार का नाम साहित्य की दुनिया में भी अलग स्थान रखता है। चंदौली, फर्रुखाबाद, संभल, सहारनपुर और बदायूं में पवन कुमार जिला कलेक्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। अपनी हिंदी-उर्दू गजलों के लिए पवन कुमार पूरे देश और विदेशों तक में प्रसिद्ध हैं। उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।
उनका गजल संग्रह वाबस्ता 2012 में प्रकाशित हुआ तो वहीं दस्तक और पराग पलकों पर, नामक गजल संग्रहों का उन्होंने संपादन और संकलन किया। इसके बाद उनका एक और गजल संग्रह आहटें 2017 में प्रकाशित हुआ जो काफी लोकप्रिय हुआ। खास बात ये है कि पवन कुमार की शिक्षा अंग्रेजी माध्यम से हुई लेकिन उन्होंने आईएएस की परीक्षा हिंदी माध्यम से देकर सफलता हासिल की।
पवन कुमार बताते हैं कि अपनी भाषा में लिखना ज्यादा मौलिक होता है, इसीलिए उन्होंने परीक्षा का माध्यम हिंदी चुना। मूलत: मैनपुरी के निवासी पवन कुमार बताते हैं कि उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी के साथ ही बाद में उर्दू और तमिल भी सीखी। उनका मानना है कि भाषा संप्रेषण का सबसे सशक्त माध्यम है और भाषाएं सीखने में कोई बुराई नहीं है लेकिन अपनी मातृभाषा की जानकारी और उसमें बोलना अलग ही सुखद अनुभूति दिलाती है।
उसी की याद के बर्तन बनाये जाता हूं...
तीन-तीन महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाल रहे पवन कुमार की हिंदी-उर्दू शायरी की लोकप्रियता इस कदर है कि उनके एलबम वाबस्ता को सुप्रसिद्ध गायक रूपकुमार राठौर ने अपनी आवाज से संवारा है। पवन कुमार को 2013 में जयशंकर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया गया तो वहीं 2016 में जीशान मकबूल अवॉर्ड और कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी गजलों में आम आदमी की बात इतनी सहजता से कही जाती है कि वह सभी को अपनी बात नजर आती है। अपनी पुस्तक आहटें में वे लिखते हैं कि -
उसी की याद के बर्तन बनाये जाता हूं
वही जो छोड़ गया चाक पर घुमा के मुझे।
उत्तर प्रदेश शासन में विशेष सचिव खाद्य एवं रसद, राकेश मिश्रा की साहित्य जगत में उनकी हिंदी कविताओं से अलग ही पहचान है। उनके चार काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं और उनकी कविताओं पर शोध कार्य भी हो चुका है। 1993 बैच के पीसीएस और 2012 में आईएएस हुए राकेश मिश्रा बताते हैं कि उन्होंने पीसीएस की परीक्षा संस्कृत विषय से दी थी।
वे बताते हैं कि उन्हें हिंदी भाषा का संस्कार संस्कृत से ही मिला। कहते हैं कि हिंदी में कविताएं लिखना उन्हें शुरू से ही पसंद था और ये कविताएं उन्हें आत्मसंतुष्टि प्रदान करती हैं। उनके काव्य संग्रह ‘जिंदगी एक कण है’, ‘अटक गई नींद’ और ‘चलते रहे रात भर’ प्रकाशित हो चुके हैं जो काफी चर्चित रहे।
वहीं उनका नवीनतम काव्य संग्रह ‘शब्दों का देश’ भी छप चुका है और जल्द आने वाला है। राकेश मिश्रा बताते हैं कि हिंदी न सिर्फ हमारी भाषा है बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं की द्योतक भी है।